जिला अस्पताल के चिल्ड्रेंस वार्ड में भर्ती बच्चे। स्रोत : संवाद
लखीमपुर खीरी। इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण बुखार के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। इसमें बच्चों में भी बुखार की समस्या बढ़ रही है। अभी पांच दिन पहले एक बच्ची की जिला अस्पताल में बुखार से ही मौत हो गई थी। वहीं जिला चिकित्सालय में वायरल व डायरिया से पीड़ित बच्चों की संख्या भी बढ़ी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार की चपेट में आने से बच्चे बीमार हो रहे हैं।
होली के बाद से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। जिला अस्पताल में भी करीब 1300 से 1500 की रहने वाली ओपीडी में खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज आ रहे हैं। पर्चा काउंटर, चिकित्सक व औषधि भंडार के पास मरीजों की भीड़ लगी रहती है। बुधवार को करीब 60-70 बच्चों की ओपीडी में तकरीबन 40 बच्चे खांसी व बुखार से पीड़ित मिले, जबकि अन्य उल्टी व दस्त के शिकार रहे।
वहीं चिल्ड्रेंस वार्ड में भी इस समय करीब नौ बच्चे भर्ती हैं। इसमें भी अधिकांश बच्चे डायरिया के भर्ती हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम के बदलने पर ऐसी समस्या आती है। बच्चों पर इसका ज्यादा असर रहता है। इसलिए बच्चों को लेकर सतर्क रहने की ज्यादा जरूरत है।