गोला गोकर्णनाथ। निर्माणाधीन कॉरिडोर के वीआईपी मार्ग को चौड़ा करने के लिए स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से भूमि देने की सहमति दे दी है। अब तक करीब साढ़े चार मीटर चौड़े इस मार्ग के विस्तार का रास्ता आपसी समझौते से साफ हो गया है।
डीएम के निरीक्षण के बाद गजेंद्र पुरी क्षेत्र में गाटा संख्या 382 की भूमि को लेकर करीब 25 परिवारों को नोटिस जारी किए गए थे। इससे क्षेत्र में असमंजस की स्थिति बन गई थी, क्योंकि कई परिवार पीढ़ियों से यहां निवास कर रहे हैं।
रविवार को संत रविदास डॉ. बीआर आंबेडकर सेवा संस्थान में आयोजित बैठक में विधायक, राजस्व विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के बीच वार्ता हुई। राजस्व निरीक्षक अवनीश मिश्र ने बताया कि वीआईपी मार्ग की प्रस्तावित चौड़ाई नौ मीटर है, जबकि वर्तमान में यह लगभग साढ़े चार मीटर ही है।
बैठक में यह आम सहमति बनी कि मार्ग के दोनों ओर रहने वाले लोग बराबर-बराबर भूमि छोड़ेंगे, ताकि सड़क का चौड़ीकरण मानक के अनुरूप हो सके। विधायक ने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी।
बैठक में संस्थान के महामंत्री रामकुमार गौतम, अधिवक्ता संत कुमार भारती, खूबचंद्र गौतम, डॉ. डी. चंद्रा, डॉ. बाबूराम, शिवचरन लाल, मूलचंद, हरिराम, काशीराम, सुनील चौधरी और राजाराम प्रधान सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।