मैलानी। ग्राम पंचायत सुवाबोझ में हुई चकबंदी में अनियमितताओं के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रधान के भाई कैलाश कुमार के नेतृत्व में राजामंडी में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने खामियों के निराकरण के लिए गांव में शिविर लगाने की मांग की। 15 दिन में समस्या का समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन और आत्मदाह की चेतावनी दी गई।
कैलाश ने कहा कि हाल ही में हुई चकबंदी में घोर अनियमितताएं बरती गई हैं। सार्वजनिक हित के स्कूल, खेल मैदान आदि महत्वपूर्ण स्थानों के लिए जगह नहीं छोड़ी गई। उनके अनुसार, चकबंदी के 80 प्रतिशत खातों में गड़बड़ी है, जिससे ग्रामीण परेशान और मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने गांव में शिविर लगाकर खामियों को दुरुस्त करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन में समस्या का निवारण न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान न हुआ तो लखनऊ में उच्च अधिकारियों से मिलेंगे और वहां भी सुनवाई न होने पर लखनऊ से वापस न लौटकर आत्मदाह करने की चेतावनी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को एसडीएम गोला को संबोधित गांव में विशेष शिविर लगाने की मांग संबंधी ज्ञापन देकर धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया। धरने में गोरख पाल सैनी, बाबूराम, रामचंद्र, राधेश्याम, लाखन, ओम प्रकाश ओपी, विद्यादत्त, राजेश कुमार, सूर्यसती सविया, देवंती, चमेली देवी शामिल हुए।
-
सुआबोझ में चकबंदी में गड़बड़ी की जो शिकायतें हैं, उसके बारे में जानकारी कराई जा रही है। जो भी समस्या है, उसका समाधान कराया जाएगा।
-युगांतर त्रिपाठी, एसडीएम, गोला गोकर्णनाथ