बांकेगंज के सिद्धनपुर गांव में ग्रामीणों को समझाते-बुझाते बीडीओ।
बीडीओ ने समस्याओं के समाधान के लिए लिखित आश्वासन दिया तो मान गए ग्रामीण, किया मतदान
बांकेगंज। कस्बा से सटी पंचायत ग्रंट नंबर 11 में सिद्धनपुर गांव के ग्रामीणों ने सड़क, नाली आदि बनवाने की मांग लेकर बुधवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले बहिष्कार करने का एलान कर दिया। इसके चलते करीब दो घंटे तक मतदान कार्य बाधित रहा। अफसरों के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण मान गए। इसके बाद मतदान किया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों के मतदान के बहिष्कार की सूचना पर तहसीलदार गोला वीके गुप्ता और बांकेगंज ब्लॉक के बीडीओ एके सिंह पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस पर ग्रामीणों ने अधिकारियों से गांव की सड़क, नाली आदि बनवाने की मांग पूरी होने के बाद ही मतदान करने की बात कही। बीडीओ ने ग्रामीणों की संबधित मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया। इसके बाद ग्रामीण मान गए। मतदान का बहिष्कार करने वाले ग्रामीणों ने दस बजे के बाद अपने वोट डाले। हालांकि इससे पहले बूथ पर कुछ वोट पड़ चुके थे। बीडीओ ने बताया कि चार बजे तक सिद्धनपुर मतदान केंद्र पर 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। बीईओ जगन्नाथ यादव, एडीओ पंचायत इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे।