चोरी मामले में पकड़े गए आरोपियों को बताया बेगुनाह
थाना खीरी की ओयल रिपोर्टिंग पुलिस चौकी क्षेत्र के पुलिस गश्त के दौरान एक ही रात में हुई तीन घरों में चोरी के जुर्म में ओयल चौकी इंचार्ज तीन लोगों को पकड़ लाए। इससे नाराज बड़ी संख्या में लोग मंगलवार की सुबह पुलिस चौकी पहुंचे और घेराव कर पकड़े गए आरोपियों को बेगुनाह बताते हुए छोड़ने की मांग की। चौकी इंचार्ज ने निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आश्वासन देकर किसी तरह से लोगों को शांत कराया।
बता दें कि शनिवार की रात चोरों ने गांव खागी ओयल निवासी रामेंद्र कुमार, सुनील शुक्ला और सुशील शुक्ला के घर से लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। चौकी इंचार्ज चोरी के मामले में शक के आधार परक तीन लोगों को सोमवार की रात पकड़कर चौकी ले आए। इसकी जानकारी सुबह जब ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी का घेराव कर पकड़े गए तीनों युवकों को बेकसूर बताया। इस दौरान ग्रामीणों और चौकी इंचार्ज मनोज कुमार के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। चौकी इंचार्ज ने ग्रामीणों को निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई न होने का भरोसा दिलाया, तब जाकर लोग शांत हुए।