घटना के बाद जायजा लेने पहुंचे एसपी गणेश प्रसाद साहा
मितौली/खीरी। थाना क्षेत्र के अवगांवा मैनपुर लिंक मार्ग पर शुक्रवार की देरशाम साइकिल सवार शत्रोहन लाला (47) निवासी रन्नूपुर गांव की सरेराह सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। एसपी गणेश प्रसाद साहा, एएसपी नेपाल सिंह ने निरीक्षण करते हुए खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
वारदात को गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। फायर की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। शत्रोहन के सिर में गोली लगने का निशान है। मौके पर मृतक का आधार कार्ड और तीन खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। एसपी गणेश प्रसाद साहा, एएसपी नेपाल सिंह, सीओ ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना को लेकर पूछताछ की। घटना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ मितौली सुबोध कुमार जायसवाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के संबंध में परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। कुछ इनपुट भी मिले हैं। अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कराई जा रही है। सीओ मितौली सुबोध कुमार जायसवाल की अगुवाई में एक जांच टीम भी गठित की गई है। मृतक के जेल जाने के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।