मितौली। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण व उसका भतीजा घायल हो गए। लखनऊ ले जाते समय ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि भतीजे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी रविंद्र कुमार (55) बृहस्पतिवार शाम अपने भतीजे शिवम के साथ बेटी के घर लक्ष्मणनगर से लौट रहे थे। भीखमपुर-कस्ता मार्ग पर सेनपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी मितौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल ओयल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, रविंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया कि घायल शिवम का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक फिसलने से दो युवक घायल
संसारपुर। गोला-खुटार राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर संसारपुर के पश्चिम स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक फिसलने से दो युवक घायल हो गए। हैदराबाद थाना क्षेत्र के जमुनहा निवासी विमलेश (35) पुत्र कृपाल और बब्लू (25) पुत्र प्रहलाद बाइक से गैस सिलिंडर लेने जा रहे थे, तभी उनकी बाइक फिसल गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों को अस्पताल भिजवाया। संवाद