भारतीय जीवन बीमा निगम का 59 वां स्थापना दिवस स्थानीय शाखा कार्यालय में पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर ब्रांच मैनेजर अनिल कुमार वर्मा ने हफ्ते भर तक चलने वाले बीमा सेवा सप्ताह का उद्घाटन किया। साथ ही 1956 से अब तक बीमा कार्य करने वाले वयोवृद्ध एजेंट वीएन कक्कड़ को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
एलआईसी की स्थापना दिवस पर पूरे कार्यालय और परिसर को सजाया गया। मंगलवार को शाखा में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शाखा प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा, टीसी प्रिंसिपल गोपालजी खरे, बीएम जयंत मिश्रा, मुन्ना लाल चौधरी और बीमा सप्ताह प्रभारी संजय तिवारी समेत तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप जलाकर एलआईसी डे मनाया।
इस मौके पर शाखा प्रबंधक ने बताया कि एक सितंबर 1956 को भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थापना हुई थी। उन्होंने बीते 59 वर्षों के दौरान सामाजिक सुरक्षा से लेकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में एलआईसी के योगदान पर चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निगम के लक्ष्यों व उद्देश्यों को पूरा करेंगे। साथ ही ग्राहक सेवा को सर्वोपरि रखेंगे।
इस मौके पर संजय मिश्रा, रुचि सिन्हा, साजिद अली, संजय श्रीवास्तव, मनोज मौर्य, मनोज कुमार, धर्मेंद्र वर्मा, विशाल, अमित अवस्थी, ईश्वरदीन मौर्य, अवधराम मौर्य, केके चौधरी, एखलाक अहमद, किरन अवस्थी, बलराम, प्रवीण मिश्रा, विजय तोलानी समेत तमाम अधिकारी, कर्मचारी और अभिकर्ता मौजूद रहे।