बिजुआ। भीरा-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ की वजह से बड़े वाहनों का संचालन बंद होने से स्कूल जाने वाले हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र के गांव दाउदपुर, मालपुर, जहानपुर, बेलवा मलूकापुर, पड़रिया तुला, रायपुर, पिपरिया धनी, पिपराखुर्द, बैबहा मुन्नूसिंह, मूडासवारान, जंगलीनाथ, गदियाना, अंबारा, बस्तौली, मुड़िया हेमसिंह और बिजुआ समेत 30 से अधिक गांवों के बच्चे निजी और स्कूल बसों से पलिया पढ़ने जाते हैं। पलिया क्षेत्र से भी हजारों छात्र-छात्राएं भीरा, मनमीत नगर, महेवागंज, मैलानी, गोला, खुटार और पुवायां पढ़ने जाते हैं। भीरा-पलिया मार्ग कटने से सड़क पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद है। इससे बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। फिलहाल सड़क पर पुलिया के पास व आगे पानी नहीं है। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण वाहनों को चलाने की अनुमति नहीं दे रहा है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यार्थियों को विद्यालयों व काॅलेजों तक पहुंचाने और घर छोड़ने की व्यवस्था में प्रशासन को सहयोग करना चाहिए। संवाद