लखीमपुर खीरी। सहकारी गन्ना विकास समिति गोला के सामयिक लिपिक अरविंद कुमार वर्मा को ड्यूूटी के दौरान मोबाइल पर गाना सुनने/देखने और किसानों को दो घंटे बाद आने की बात कहकर टरकाने का दोषी पाया गया है। जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडिया क्लिप की जांच के बाद दोषी सामयिक लिपिक अरविंद कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया है। अनुशासनिक कार्रवाई की जांच के लिए ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गुलरिया को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गोला समिति के पर्ची खंड में ड्यूटी के दौरान आरोपी लिपिक अरविंद कुमार वर्मा कुर्सी पर बैठकर मोबाइल पर गाना सुन रहा था। इस दौरान अपनी समस्या लेकर आए किसानों को टरकाते हुए दो घंटे बाद आने की बात कही थी, जिसका किसानों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर लिपिक के खिलाफ पदीय दायित्वों का निर्वहन न करके उत्तर प्रदेश सहकारी गन्ना सेवा नियमावली में वर्णित कर्मचारी आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया हैै। इसलिए आरोपी लिपिक को निलंबित करके प्रकरण की जांच ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गुलरिया को सौंपी है, जो छह सप्ताह के अंदर जांच पूरी करके आख्या साक्ष्य सहित प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद मामला जिला गन्ना सेवा प्राधिकरण की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।