भाजपा सांसद वरुण गांधी ने बरेली के फरीदपुर थाने में तैनात दरोगा मनोज मिश्रा की हत्या के मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है। उन्होंने परिवार वालों से कहा कि त्याग भावना से काम करने वाले दरोगा मनोज मिश्रा की हत्या की असलियत सामने लाने के लिए वह गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर सीबीआई से जांच कराने की मांग करेंगे।
वरुण गांधी शहीद दरोगा के गांव हरदासपुर जाकर अनशन पर बैठे परिवारवालों से मिलना चाहते थे लेकिन पंचायत चुनाव की आचार संहिता के कारण पुलिस-प्रशासन द्वारा मार्गों पर नाकेबंदी किए जाने से वह गांव नहीं पहुंच सके। लिहाजा, सांसद ने शहीद दरोगा के भाई सर्वेश मिश्रा और बेटे अनुभव को लखीमपुर बुलाकर मुलाकात की और सीबीआई जांच का आश्वासन देकर लखनऊ लौट गए।
बरेली के फरीदपुर थाने में तैनात दरोगा मनोज मिश्रा की नौ सितंबर, 2015 की रात को पशु तस्करों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से शहीद दरोगा के पिता समेत परिवार वाले हत्या में गहरी साजिश का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। इस बावत शासन-प्रशासन में सुनवाई न होने से आहत शहीद दरोगा के परिवार वाले बुधवार से गांव में क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं और पंचायत चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है।
इस दौरान वरुण गांधी मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित नेशनल शूटर दिलीप चंदेल के आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।