पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। तीन दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों में कोटेदारों के पास पहुंचकर अपने को लखनऊ का अधिकारी बताकर ठगी कर रहे तीन ठगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
यहां बता दें कि मामले में कुछ कोटेदारों ने शिकायत पूर्ति निरीक्षक से की। जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने सोशल मीडिया पर कोटेदारों के ग्रुप पर सबको सावधान रहने और पुलिस को सूचना देने की पोस्ट की। बुधवार को चंदनचौकी के बेला परसुआ में महिला कोटेदार बमन देवी के यहां ठगी करने पहुंचे तीनों ठगों को महिला ने ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया। तीनों को चंदनचौकी कोतवाली लाया गया। यहां से उनको पलिया सीओ आफिस ले जाया गया। सीओ राकेश कुमार नायक ने बताया कि पूछताछ में ठगों ने अपने नाम नीरज अरोड़ा, श्याम किशोर मिश्रा निवासी लखीमपुर खीरी तथा रामकिशन निवासी मोहम्मदी बताया है। महिला कोटेदार बमन देवी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि ठगों के पास से कम्प्यूटराइज प्रेस कार्ड भी बरामद हुए हैं।