धौरहरा। ईसानगर कस्बे के पूरब स्थित सैय्यद बाबा मजार पर लगने वाले सालाना उर्स मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जा रहे हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
ईसानगर और चिंतापरवा गांव के बीच लगने वाले इस मेले में ओवरहाइट झूले लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि झूलों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जबकि पास में ट्रांसफाॅर्मर भी रखा हुआ है। ऐसे में लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सता रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। भीड़ के बीच यदि कोई तकनीकी खराबी या लापरवाही हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली निगम से हाईटेंशन लाइन के आसपास बैरिकेडिंग कराने और ट्रांसफाॅर्मर को सुरक्षित ढंग से ढंकने की मांग की है।
वहीं, मेले की तैयारियों में जुटे आयोजकों का कहना है कि सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी ने बताया कि बिना अनुमति कोई भी झूला नहीं चलने दिया जाएगा। संचालकों को मेला शुरू होने से पहले झूले हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
-
हमने प्रशासन से उर्स मेले में होने वाले सभी कार्यक्रमों की अनुमति ली है। झूले और सर्कस लगाने की अनुमति संचालक स्वयं प्रशासन से लेते हैं।
-डॉ. अलीम, अध्यक्ष, सैय्यद बाबा उर्स कमेटी ईसानगर
उर्स मेले की अनुमति है, लेकिन झूले लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। यदि बिना अनुमति झूले लगाए गए हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-शशिकांत मणि, एसडीएम धौरहरा
उर्स मेले में बिना अनुमति झूले लगाए जाने की जानकारी मिली है। थानाध्यक्ष ईसानगर को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। बिना अनुमति झूले नहीं लगेंगे।
-शमशेर बहादुर सिंह, सीओ धौरहरा