लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला गढ़ी रोड पर स्थित बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता के कार्यालय में बुधवार की शाम को कुछ दबंगों ने हंगामा किया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बाइक लेकर फरार हो गए। मामले में कर्मचारी ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
अधिशाषी अभियंता कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी समीर का इसी मोहल्ले के निवासी सुनील दीक्षित से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। बुधवार को सुनील उधारी के पैसे मांगने समीर के पास गया था, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दफ्तर में गाली-गलौज के साथ हंगामा होने लगा। इससे कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर बाद आरोपी कार्यालय के बाहर खड़ी बाइक को लेकर भाग गया, जो कर्मचारी समीर की बाइक थी। समीर ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ऐसा प्रकरण हमारी जानकारी में नहीं है। संवाद