परिजनों को मिली 30 हजार की सहायता
सीओ गोला प्रवीण कुमार, सीओ सदर संदीप कुमार और नायब तहसीलदार सर्वेश यादव की मान-मनौव्वल के बाद ग्रामीण माने और नौ घंटे बाद युवक के शव को खेत से उठाने दिया। सीओ गोला, सदर और मैलानी रेंज वन विभाग की टीम ने मृतक नारेंद्र की पत्नी मीना देवी को कुल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी ।
बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाया पिंजरा
मैलानी रेंज जंगल से सटे बासुकपुर गांव में बाघ में ग्रामीण नारेंद्र की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बाघ को पकड़ने की मांग के बाद वन विभाग ने घटनास्थल पर एक पिंजरा लगाया है। रेंजर मैलानी अनिल कुमार ने बताया कि लगाए गए पिंजरे में एक बकरा भी बांधा गया है। वन कर्मियों की टीम गठित कर बाघ की चौबीस घंटे बारी-बारी से निगरानी कराई जा रही है। ग्रामीणों से अकेले की बजाय समूह में और शोर मचाते हुए खेतों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
अफवाह पर पुलिस को महिलाओं ने दौड़ाया
बाघ के हमले में युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़ में किसी ने अफवाह उड़ा दी कि पुलिस कह रही है कि नारेंद्र को बाघ ने नहीं, सियार ने खाया है। इससे भड़कीं महिलाओं ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम से नोकझोंक के बाद दौड़ा लिया। पुलिस वहां से हटकर काफी दूर तमाशबीन बनकर खड़ी रही। बाद में दलबल के साथ मौके पर पहुंचे सीओ गोला और एसओ मैलानी ने ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझाकर शव को गन्ने के खेत से निकलवाया।
नौ घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम
सीओ गोला और नायब तहसीलदार के बुलाने पर नौ घंटे बाद बासुकपुर गांव में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा उफान पर पहुंच गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बमुश्किल ग्रामीणों को समझाया। रेंजर मैलानी अनिल कुमार ने ग्रामीणों से बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवाने और पेट्रोलिंग में तेजी लाने के अलावा मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके 11 घंटे बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मैलानी रेंज के बासुकपुर गांव में बाघ हमले में एक युवक की मौत की सूचना मिली है। निगरानी करवाई जा रही है। बाघ को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास पिंजरा लगाया जाएगा। मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। - ललित वर्मा, एफडी, दुधवा टाइगर रिजर्व