गोला गोकर्णनाथ। शिव मंदिर कॉरिडोर में महाशिवरात्रि और शिवोत्सव आयोजन के चलते 15 दिन निर्माण प्रभावित रहने के बाद काम ने रफ्तार पकड़ ली है। इधर महाशिवरात्रि पर हुए विवाद के चलते यूपीपीसीएल ने साइड इंचार्ज जेई और एपीएम को हटाकर दूसरी जगह भेज दिया है।
कॉरिडोर में शिव मंदिर के चारों ओर 108 स्तंभों पर परिक्रमा पथ में स्तंभों पर नक्काशीदार पत्थर और मेहराब लगाने के साथ मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर फर्श पड़ने का काम शुरू हो गया है। इसके अतिरिक्त यात्री हाल, रिटेनिंग दीवार पर नक्काशीदार पत्थर लगाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। महाशिवरात्रि से पूर्व रात्रि में तैयारी के दौरान नगर पालिका परिषद की होर्डिंग फाड़ने, साइड इंचार्ज जेई नितिन सिंह से मारपीट के मामले में यूपीपीसीएल ने जेई नितिन सिंह और एपीएम ऋत्विक मिश्र को हटाकर अन्यत्र भेज दिया है। उनके स्थान पर जेई रोहित कुमार और एपीएम पवन श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है।