फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Nikay Chunav: लखीमपुर में सपा और भाजपा समर्थक भिड़े, पत्थरबाजी में प्रत्याशी की गाड़ी का शीशा टूटा

Thu, 04 May 2023 12:35 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

सार

लखीमपुर में मतदान के दौरान डीएस इंटर कॉलेज के पास भाजपा और सपा समर्थक भिड़ गए। हंगामा होता देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पत्थरबाजी हो गई, जिससे भाजपा प्रत्याशी की कार का शीशा टूट गया।
विज्ञापन
भाजपा प्रत्याशी की कार का टूटा शीशा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर नगर पालिका के चुनाव के दौरान बृहस्पतिवार को शहर में धर्मसभा इंटर कॉलेज के बाहर हंगामा हो गया। अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी के बेटे से सपाइयों का विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष के लोग आक्रोशित हो उठे। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसमें भाजपा प्रत्याशी की कार का शीशा टूट गया। मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी ने भीड़ को संभाला। तब जाकर मामला शांत हुआ।

विज्ञापन


बृहस्पतिवार की सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू हो रही थी। समर्थक केंद्रों से दूर खड़े होकर अपने पक्ष में वोट की अपील कर रहे थे। धर्मसभा इंटर कॉलेज वाले केंद्र के बाहर दो पार्टियों के समर्थकों के बीच जीत को लेकर बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि भाजपा प्रत्याशी पुष्पा सिंह के बेटे ने कुछ ऐसा बोल दिया, जो दूसरी पार्टी को नागवार गुजरा। इधर बढ़ती भीड़ को देखकर प्रत्याशी के बेटे ने अन्य समर्थकों को सूचना दी। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग हमलावर हो गये।

कार का शीशा टूटा 

मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना में भाजपा प्रत्याशी की कार का शीशा टूट गया। वहीं भीड़ ने प्रत्याशी को घेर लिया। हालांकि किसी तरह प्रत्याशी को मौके से हटाया गया। सीओ सिटी संदीप सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच धक्कामुक्की हुई है। दोनों पक्षों को शांत करा दिया है।

भाजपा प्रत्याशी के साथ हुई घटना की खबर मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को इस बात की सूचना दी। इस बीच एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, डीएम महेन्द्र बहादुर सिंह और एसपी गणेश कुमार साहा भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षित मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।

घटना से आक्रोशित भाजपा प्रत्याशी के पति ने भी किया हंगामा

बेटे और पत्नी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे भाजपा प्रत्याशी पुष्पा सिंह के पति अवधेश सिंह ने जमकर हंगामा काटा। कुछ लोगों के साथ बहस भी हुई। मौके पर मौजूद सीओ सदर, शहर कोतवाल व अन्य पुलिस कर्मियों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। 

उधर, भाजपा प्रत्याशी पुष्पा सिंह ने आरोप लगाया कि बेटे ने गेट के बाहर एक समुदाय के इकट्ठा होकर मनमर्जी से वोट कराने का आरोप लगाया था, जिस पर सपा प्रत्याशी रमा बाजपेई के पति मोहन बाजपेई के समर्थकों ने उनके बेटे के साथ बदसलूकी की और कुर्ता फाड़ दिया। आरोप लगाया कि बुधवार की रात मोहन बाजपेयी की रुपये बांटते हुए गाड़ी पुलिस ने पकड़ी थी, लेकिन छोड़ दी गई। उधर, मोहन बाजपेयी ने भाजपाइयों को अराजक बता पुलिस से मारपीट का आरोप लगाया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे एडीजी, लिया जायजा

भाजपा प्रत्याशी के बेटे और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की घटना की सूचना पर एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एडीजी जोन ने बताया कि केंद्र पर किसी तरह की कोई घटना नहीं हुई है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता हुआ पाया गया। पूरे जिले में मतदान को लेकर कहीं कोई बड़ी घटना घटित नहीं हुई है।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र पर किसी तरह की कोई घटना नहीं हुई है। न ही किसी की कार को क्षतिग्रस्त किया गया है। केंद्र से कुछ दूरी पर कुछ हंगामा हुआ था, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने शांत करा दिया है। पूरे जिले में शांति के साथ मतदान संपन्न हुआ।
 

पुलिस से भिड़े भाजपाई 

मतदान के दौरान आर्यकन्या इंटर कॉलेज के बूथ पर भाजपा समर्थकों और पुलिस कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गयी। हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने मोर्चा संभाला और आक्रोशित भाजपा समर्थकों को शांत कराया।

भगवानदीन आर्यकन्या स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया था। सुबह करीब दस बजे के आसपास भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सीओ संदीप सिंह ने आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाया जिसके बाद मामला शांत हो सका। 
विज्ञापन

गोला में बैलेट पेपर का फोटो वायरल 

गोला गोकर्णनाथ में मतदान के दौरान मोहर लगे बैलेट पेपर के प्रारूप सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रत्नाकर मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो बैलट पेपर के प्रारूप वायरल किए गए हैं, वह फर्जी हैं। मतदान केंद्र और बूथ पर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें