केवल पुरवा गांव में एक मकान से निकलती आग की लपटें।
खीरी टाउन। खीरी थाना क्षेत्र के केवलपुरवा गांव में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। हादसे में छह घर जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे केवलपुरवा गांव निवासी सुरेश के घर में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते छह घर उसकी चपेट में आ गए। अग्निकांड में लाखों का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड गांव वालों और क्षेत्रीय पुलिस की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका। क्षेत्रीय लेखपाल राजेंद्र भार्गव ने अग्निकांड में हुए नुकसान की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। अग्निकांड में सुरेश, प्रेम चंद, भारत मौर्य, धर्मेंद्र, अशोक मौर्य, ब्रजमोहन मौर्य के घर जले हैं।
क्षेत्रीय लेखपाल राजेंद्र भार्गव ने बताया अग्निकांड में छह घर जले हैं। जनहानि, पशुहानि नहीं हुई है। सभी जले घरों की सूची बनाकर तहसील प्रशासन को भेज दी गई है। प्रशासन के द्वारा जल्द ही आर्थिक सहायता राशि पीड़ितों को मुहैया कराई जाएगी। संवाद