लखीमपुर खीरी। फरवरी में होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित केंद्र बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपत्तियां मांगी गई थीं। इसमें किसी ने केंद्र बनाने की मांग की तो कुछ ने केंद्रों की ज्यादा दूरी होने की बात कही है। कुल मिलाकर करीब 83 आपत्ति दर्ज कराई गई हैं। उनका निस्तारण कराया जा रहा है।
डीआईओएस विनोद मिश्र ने बताया कि इस बार हाईस्कूल में 49980 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इंटरमीडिएट के लिए 40260 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पोर्टल पर डाटा फीड करने के बाद करीब 128 स्कूलों को प्रस्तावित परीक्षा केंद्र बनाया गया था। लखीमपुर से 25, गोला से 16, मितौली से 13, मोहम्मदी से 11, पलियाकलां से 2, निघासन से 8 व धौरहरा से 8 आपत्तियां मिली हैं। इनमें सबसे ज्यादा 40 आपत्तियां केंद्र बनाने की मिलीं। साथ ही केंद्र की दूरी कम करने की 17, केंद्र निरस्त करने की छह, परीक्षार्थियों की संख्या कम करने की 13, दूरी कम करने और केंद्र बनाने की भी चार आपत्तियां मिलीं। अन्य प्रकार की तीन आपत्तियां मिली हैं। कहा कि स्थानीय स्तर पर आपत्तियों को निस्तारित करने के बाद फाइनल केंद्रों की सूची जारी की जाएगी।