लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किया गया था। इसके बाद से सफल विद्यार्थी अंकपत्र आने का इंतजार करने लगे थे। एक महीने से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद आखिरकार सोमवार देर शाम अंकपत्र विभाग को मिल गए। पांच जून से इनका वितरण किए जाने की बात अफसरों ने कही है।
विभाग की ओर से डाटा का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद स्कूल प्रबंधकों को अंकपत्र का वितरण करने के निर्देश दिए जाएंगे। इस बार 10वीं और 12वीं में करीब 95 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परिणाम घोषित होने के बाद दूसरे स्कूलों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चे स्कूलों से अंकपत्र ले सकेंगे। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि अंकपत्र वितरण के दौरान किसी प्रकार की कोई धन उगाही न की जाए। अगर कहीं से ऐसी कोई सूचना आती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नए कलेवर में है मार्कशीट
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी होने वाले अंकपत्र में इस बार कई बड़े बदलाव किए गए हैं। परीक्षार्थियों को दिए जाने वाले अंकपत्र पर न तो पानी का ही कोई असर होगा और न ही धूप का। नए अंकपत्र न केवल फटने या भीगने से बचेंगे, बल्कि इसके रंग और सुरक्षा फीचर भी इसे खास बनाएंगे। धूप में यह अंकपत्र हल्के लाल रंग में दिखाई देंगे, जबकि छांव में अपने सामान्य रंग में वापस लौट आएंगे। अंकपत्र की बनावट इस तरह की है कि इसमें ओवरराइटिंग या खुरचने जैसी छेड़छाड़ संभव नहीं होगी।