लखीमुपर खीरी। यूपी बोर्ड परीक्षा शुक्रवार को इंटरमीडिएट के ट्रेड विषयों के साथ समाप्त हो गई। अंतिम दिन जिले के 10 केंद्रों पर पेपर हुआ। इसमें पंजीकृत 423 परीक्षार्थियों के सापेक्ष सात अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर निकले छात्रों के चेहरों पर बोर्ड परीक्षा समाप्त होने की खुशी साफ झलक रही थी। डीआईओएस डॉ. आरके जायसवाल ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी को शुरू हुई थी। इसके लिए 128 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया था। हाईस्कूल का अंतिम पेपर तीन मार्च को तो इंटरमीडिएट का आखिरी पेपर शुक्रवार को हुआ। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्वक और नकलविहीन समाप्त हुई।
डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों पर मारा छापा
डीआईओएस डॉ. आरके जयसवाल ने शुक्रवार को कृषक समाज इंटर कॉलेज, पब्लिक इंटर कॉलेज सहित छह केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषक समाज इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. लखपतराम वर्मा, सह केंद्र व्यवस्थापक डॉ. वीरेश बाजपेई से उपस्थित और अनुपस्थित छात्रों का विवरण चेक कर मॉनिटर से कक्षों का जायजा लिया। इसके बाद वह पब्लिक इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां एक छात्र अमन कुमार पेपर देता मिला।
पीआईसी केंद्र पर एक छात्र ने दी परीक्षा
गोला में पब्लिक इंटर कॉलेज केंद्र पर शुक्रवार को पंजीकृत एक परीक्षार्थी अमन कुमार वर्मा ने नर्सरी शिक्षण का प्रशिक्षण एवं शिशु प्रबंधन विषय (एनटीटीसी)की परीक्षा दी। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक कृष्ण कुमार शुक्ल सहित दस शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कृषक समाज इंटर कॉलेज में 69 परीक्षार्थियों ने एनटीटीसी की परीक्षा दी। अनंत प्रकाश सरोज, श्याममूर्ति शुक्ल, रामनरेश वर्मा, रूबी बानो, डॉ. अनिल कुमार मौजूद रहे।