लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की लिखित परीक्षा 19 जुलाई को होंगी। इसमें 1009 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाएं दो पाली में संपन्न कराई जाएंगी। वहीं, 11 व 12 जुलाई को प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न होंगी।
यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम में कम अंक वाले छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल में इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए फाॅर्म भरे थे। इसकी परीक्षा धर्मसभा इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हाईस्कूल के लिए पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 तक होगी। इसमें 258 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे।
इंटर की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 तक होगी। इंटर की परीक्षा में 751 परीक्षार्थी शामिल होंगे। किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे और वॉइस रिकॉर्डिंग चालू रहेंगे।