लखीमपुर खीरी में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग की तैयारी पूरी हो चुकी है। डीआईओएस कार्यालय में मॉनीटरिंग सेल के साथ ही कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। मॉनीटरिंग सेल से जिले के 129 परीक्षा केंद्रों की निगरानी कराई जा रही है। इस बार पूरे जिले को सात जोन में बांटा गया है। निगरानी के लिए सात जोनल और 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
सोमवार को डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर लगे वॉयस रिकॉर्डर कैमरों को चेक किया जा रहा है। कैमरों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है जो अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर किसी भी समय जाकर परीक्षाओं का जायजा ले सकेंगे।
पारदर्शी तरीके से परीक्षा हो इसको लेकर 13 खंड शिक्षा अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। किसी भी आपात स्थित में परीक्षा प्रभावित न हो इसको लेकर 40 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है। परीक्षा को लेकर 5400 शिक्षकों को ड्यूटी पर लगाया गया है इसमें 3400 माध्यमिक और करीब 2000 शिक्षक बेसिक के लगाए गए हैं। मानीटरिंग सेल की निगरानी के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट युगांतर त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है।