लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की कंपार्टमेंट व इंप्रूवमेंट और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट की परीक्षा शनिवार को जीजीआईसी और जीआईसी में होगी। शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय और कॉलेजों में परीक्षा संबंधी तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया। कॉलेजों को सैनिटाइज भी कराया गया।
डीआईओएस हयात अली अंसारी ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 08:00 से 11:15 बजे तक और इंटरमीडिएट की परीक्षा 02:00 से 05:15 तक होगी। हाईस्कूल के कंपार्टमेंट एवं इंप्रूवमेंट की परीक्षा में 61 एवं इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा में 315 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीआईओएस ने बताया कि कोरोना काल को लेकर परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित कर दिया है। परीक्षा शुरू होने से पहले भी परीक्षा कक्ष सैनिटाइज होंगे। गेट पर तामपान चेक करने के बाद ही छात्रों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दें।
कॉलेज स्टाफ के लिए लक्ष्मण रेखा निर्धारित
कॉलेज में एक शख्स का संक्रमित मिलना, स्टाफ में किसी की जांच न होने को डीआईओएस ने गंभीरता से लिया है। एहतियातन उन्होंने कॉलेज स्टाफ के लिए लक्ष्मण रेखा निर्धारित कर दी है। परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक दूसरे स्कूल के लगाए हैं। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापकों को पेपर शुरू होने से पहले परीक्षा कक्ष, शौचालय सैनिटाइज कराने के साथ पेपर, कॉपी बांटते एवं जमा करते समय पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
गेट पर चेक होगा तापमान, पानी लाना होगा साथ
डीआईओएस का कहना है कि कोरोना काल में परीक्षा के लिए बोर्ड ने जो गाइड लाइन जारी की है। उसके बारे में केंद्र व्यवस्थापकों का अवगत करा दिया है। छात्रों को मास्क लगाकर और पानी साथ लेकर आना होगा। तापमान चेक किए बिना किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।