कुंभी ब्लाक के नगरा सलेमपुर और लाल्हापुर पोलिंग बूथ पर महिलाओं ने घूंघट की ओट से लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट की चोट दी। सुबह से ही तमाम महिलाएं और नई नवेली बहुएं घूंघट डालकर अपनी घर की डेहरी को लांघ कर वोट डालने निकलीं।
ममरी। ब्लाक कुंभी गोला के झाऊपुर, भवानीगंज, अशर्फीगंज, तेजापुर, बेलबा, हैदराबाद, ममरी, परेली, महेशपुर, खोखाय, धिरावां, छितौनियां, अहमदनगर, कोटवारा, जड़ौरा आदि बूथों पर पोलिंग शुरू होते ही महिला वोटरों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच सायं पांच बजे तक कहीं 65 से 70 तो कहीं 75 से 78 फीसदी वोट पड़े। इसी प्रकार ब्लाक बांकेगंज क्षेत्र के कोरैया लोहरना, सिंगहा, बोझबा, वनबुधेली, रोशननगर, जमुनहां, सौंखिया, रामपुर नं 18, छत्तीपुर, हरिहरपुर, सरकारगढ़, बुधेली नानकार आदि स्थानों के बूथों पर 65 से 70 फीसदी वोटरों ने मताधिकार का प्रयोग किया। एसओ हैदराबाद अजय कुमार यादव, सेक्टर मजिस्ट्रेट यशवंत सिंह और जोनल मजिस्ट्रेट क्षेत्र का भ्रमण कर वस्तु स्थिति का जायजा लेते रहे।
कुकरा। मुस्लिम बाहुल्य कस्बा होने के बावजूद भी यहां के पोलिंग बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। सुबह एकदम तमाम महिला मतदाताओं के आ जाने पर शांति व्यवस्था में लगे सुरक्षाकर्मियों को दिक्कत हुई।