खमरिया (लखीमपुर खीरी)। लखीमपुर-बहराइच हाईवे स्थित ऊंचपुर गांव के निकट बृहस्पतिवार रात ट्रक की टक्कर से पिकअप वाहन सवार दो भतीजों और चालक चाचा की मौत हो गई। तीसरा घायल हो गया।
ईसानगर क्षेत्र के गांव मुरावनपुरवा निवासी सुरेश के बेटे लल्लू उर्फ लालू (23 वर्ष), महेश (26 वर्ष) और रिंकू (19 वर्ष) पिकअप वाहन में केले लदवाकर लखनऊ जाने को लखीमपुर आ रहे थे। तीनों भाई संयुक्त रूप से केले का कारोबार करते थे। पिकअप गाड़ी ईसानगर के ही गांव गोडवा निवासी चाचा कमलेश राजपूत (40) चला रहे थे। कमलेश का दामाद दीपू गाड़ी के पीछे बैठा था। ऊंचपुर गांव के पास पहुंचने पर अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। इससे चारों लोग हो गए।
पुलिस ने सभी को सीएचसी खमरिया पहुंचाया। वहां लल्लू को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कमलेश, महेश और रिंकू को जिला अस्पताल ओयल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान कमलेश (40) की मौत हो गई। महेश को लखनऊ रेफर किया गया, उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में रिंकू का इलाज चल रहा है। खमरिया थाना इंस्पेक्टर मनबोध तिवारी ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक फरार है।