बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की धौरहरा रेंज और वन रेंज सुजौली बहराइच की सीमा पर एक नर तेंदुआ शावक का शव मिला है। डेढ़ माह के अंदर तीन शावक और एक तेंदुए समेत यह चौथी मौत है। इससे वन विभाग के अधिकारी सकते में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के हृदय में खून के थक्के जमे पाए गए। संभावना जताई गई है कि कॉर्डियोजेनिक शॉक की वजह से तेंदुए की मौत हुई है।
धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट में दुर्गा गौड़ी गांव के पास शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को गन्ने के खेत में एक तेंदुआ शावक का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। शावक के शव को रेंज कार्यालय पर लाकर दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पैनल में दुधवा के पशु चिकित्सक डॉ. दीपक वर्मा, रमियाबेहड़ चिकित्सालय के डॉक्टर राकेश के अलावा डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के प्रतिनिधि दबीर हसन के अलावा एनटीसीए के रोहित रवि शामिल रहे। वनाधिकारियों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई है। वन विभाग के मुताबिक, मृत मिले नर शावक की आयु आठ से नौ माह के करीब है।
उसके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। कोई चोट के निशान आदि नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद एनटीसीए की गाइड लाइन के मुताबिक वनाधिकारियों एसडीओ मनोज तिवारी के सामने शव को जला दिया गया।
अंदरूनी अंग फेल होने से हुई शावक की मौत
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन डीएफओ सौरीष सहाय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अंदरूनी अंग काम न करने के कारण उसकी मौत हो गई। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा जा रहा है।
डेढ़ माह के अंदर तीन शावक और एक तेंदुआ की मौत
बफरजोन धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट में मृत मिले तेंदुआ शावक की मौत के एक माह के अंदर दूसरी मौत है। इससे एक माह पहले इसी रेंज की लहबड़ी गांव के पास आम की बाग में एक साल का नर तेंदुआ शावक बीमार मिला था। तीन दिन चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। जबकि इस बीच दक्षिण खीरी वन प्रभाग गोला वन रेंज पश्चिम बीट में खेत में लगाए कटीले तारों की बाड़ में फंसकर मां से बिछड़े नौ से दस माह के तेंदुआ शावक की मौत हुई। डेढ़ माह पहले बफरजोन की भीरा रेंज के रामनगर कला गांव के पास तीन लोगों पर हमला कर घायल करने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तीन साल के तेंदुए की घेराबंदी कर धारदार हथियारों से हमला कर उसे मार दिया था। डेढ़ माह के अंदर तीन शावकों और एक तेंदुए की मौत से वन विभाग सकते में है।
धौरहरा रेंज की जंगल मटेरा बीट में एक तेंदुआ शावक का शव मिला है। पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वजहों की जांच की जा रही है।
- सौरीष सहाय, डीएफओ, दुधवा टाइगर रिजर्व, बफरजोन