लखीमपुर खीरी। एक महीने पहले झोंपड़ी हटाने के विवाद में विवाहिता के गंभीर चोट लगने के बाद रविवार को उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। विवाहिता का उपचार चल रहा है। घटना वाले दिन ही परिजनों की तहरीर पर सिंगाही पुलिस ने सात नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
17 सितंबर को सिंगाही क्षेत्र के गांव बंगलहा तकिया निवासी अमित कुमार का गांव के ही राजाराम, विनोद, नरेश, रामपाल, कृपाशंकर, कपिल, नितिन सहित एक अज्ञात युवक से झोंपड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया था। मारपीट के दौरान उक्त लोगों ने परिजनों से जमकर मारपीट की गई थी।
मारपीट में पत्नी वंदना को भी चोटें आईं। वंदना उस वक्त सात माह की गर्भवती थी। घटना के बाद परिजनों ने वंदना को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को शिशु की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आईं चोटों की वजह से शिशु की मौत हुई है। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि घटना एक महीने पहले हुई थी।
परिजनों की तहरीर पर सात नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। एसओ का कहना है कि घटना के बाद महिला का मेडिकल कराया गया था, जिसमें शिशु को किसी तरह की चोटें नहीं आई थीं।