रक्षाबंधन के मौके पर बंदी भाइयों से मिलने के लिए शनिवार की सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ जिला कारागार पर उमड़ पड़ी। महिलाओं की भीड़ को देखते हुए कारागार प्रशासन ने भी नियमों में कुछ ढील दी और मिलाई की औपचारिता पूरी न कर पाने वाली महिलाओं को भी उनके संबंधियों से मिलाया। दिनभर में तीन शिफ्टों में करीब 600 महिलाओं की मुलाकात कराई गई।
रक्षाबंधन के मौके पर कारागार प्रशासन ने नियमों में कुछ ढील देते हुए मिठाई ले जाने की अनुमति दी, लेकिन मिठाई को कारागार गेट पर पहले खाकर चेक किया गया फिर अंदर ले जाने की अनुमति दी गई। मुलाकात के लिए पर्ची लगाने का समय गुजरने के बाद भी कारागार प्रशासन ने महिलाओं को उनके संबंधियों से मिलने की अनुमति दी। इसकी वजह से देर शाम तक बंदियों से मुलाकात का सिलसिला जारी रहा। जेल अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर जुटी भीड़ को देखते हुए सिर्फ महिलाओं को ही मुलाकात की अनुमति दी गई थी। देर शाम तक करीब 600 महिलाओं ने बंदियों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्य गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। महिलाओं द्वारा लाए गए सामानों को चेक करने के बाद ही अंदर ले जाने की अनुमति दी गई।