लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हो गई है। मशीन खराब होने से गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं, जिसकी वजह से उनकी की दिक्कतें बढ़ गई हैं। अस्पताल में निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने पर महिलाओं को प्राइवेट केंद्रों पर 800 से 1000 रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है।
जिला महिला अस्पताल में रोजाना 70 से 80 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। पिछले 10 दिन से व्यवस्था पूरी तरह ठप है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को काफी दिक्कतें हो रही हैं। सबसे परेशानी इमरजेंसी में आने वाले गर्भवती महिलाओं को होती है। अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने पर सिर्फ गर्भवती महिलाओं को हीं नहीं दिक्कतें हो रहीं, बल्कि डॉक्टरों को रिस्क लेकर काम करना पड़ता है।
मशीन का जो पार्ट खराब हुआ था, वह लखनऊ में नहीं मिल सका। ऐसे में इंजीनियर ने हेड ऑफिस चेन्नई से पार्ट मंगाया है। सीएमएस डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बताया कि मशीन खराब होते ही कंपनी को सूचना दे दी गई थी। सात दिन में मशीन ठीक कराने की बात कही गई थी। बताते हैं कि जो खराब पार्ट है वह लखनऊ में नहीं मिला। चेन्नई से मंगाया गया है।