लखीमपुर खीरी। बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं के बैग से जेवर और नकदी चोरी करने के आरोप में सदर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का एक सोने का झाला और 500 रुपये बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, छह जुलाई को मेला रोड स्थित पलिया बस अड्डे पर मल्लबेहड़ निवासी ललिता देवी के हैंडबैग से सोने का झाला और दो हजार रुपये चोरी हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भंसड़िया क्रॉसिंग के पास से रीमा पत्नी राजन और रश्मी पुत्री राजन निवासी बभनईया पूरब देवापुर, थाना दोस्तपुर, जिला सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया। सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि पूछताछ में दोनों महिलाओं ने भीख मांगने के बहाने बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर आने वाली महिलाओं पर नजर रखने तथा मौका मिलते ही उनके बैग से जेवर और नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मिश्राना चौकी प्रभारी शिल्पी शुक्ला, कांस्टेबल राहुल कुमार, महिला कांस्टेबल संगीता और महिला कांस्टेबल मीना शामिल रहीं।