धौरहरा। ईसानगर थाना क्षेत्र में सिसैया-लखीमपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार रात दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
रंजीतनगर पुल के आगे बोझिया गांव के पास रात करीब 10 बजे दोनों ट्रक भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से खमरिया सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया, जहां चालक विनोद कुमार (40) पुत्र लालसिंह निवासी शामली को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे ट्रक चालक मोहम्मद यूसुफ निवासी रसूलपुर, मुरादाबाद का इलाज जारी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद