बिजुआ। भीरा रेंज के बफर जोन में दो बाघों की मौजूदगी से किसानों में दहशत है। शुक्रवार को गन्ने के खेत में दो बाघ दिखने पर मजदूर जान बचाकर भाग गए। मुहर्रम मेले से पहले हुई इस घटना से इलाके में चिंता बढ़ गई है।
खैरा फार्म निवासी किसान लखविंदर सिंह के गन्ने के खेत में कुछ मजदूर खाद डालने गए थे। खेत में घुसते ही उन्हें दो बाघ दिखाई दिए। बाघों को देखते ही मजदूर खाद वहीं छोड़कर भाग निकले। भागते समय राकेश नामक मजदूर के शोर मचाने पर बाघों की दहाड़ सुनाई दी। इससे आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी डर गए और खेत छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
शुक्रवार को मुहर्रम के अवसर पर कर्बला में ताजिये दफनाने के साथ मेला भी लगता है, जिसमें दोपहर बाद तक सैकड़ों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में गन्ने के खेतों में दो बाघों की मौजूदगी से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
बाघों की सूचना भीरा वन रेंज अधिकारी रमाकांत सक्सेना को दी गई। उन्होंने बाघों की लोकेशन का पता लगाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर भेजी। टीम इलाके में गश्त कर रही है।