दुधवा के गैंडा पुनर्वासन परिक्षेत्र में लगा सोलर पंप।
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व के गैंडा पुनर्वासन परिक्षेत्र में विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) और अर्थ ब्रिगेड संस्था की ओर से अलग-अलग स्थानों पर दो सोलर पंप लगाए गए हैं। इन सोलर पंपों के लगने से ऊर्जा चालित बाड़ में स्वछंद विचरण करने वाले गैंडों के लिए बने तालाब पूरे साल लबालब पानी से भरे रहेंगे।
दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक डॉ. रंगाराजू टी ने बताया कि दक्षिण सोनारीपुर रेंज के बांकेताल और ककरहा गैंडा पुनर्वासन क्षेत्र में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ और अर्थ बिग्रेड संस्था की ओर से एक-एक सोलर पंप लगाया गया है। सोलर पंपों के लगने से गर्मियों के मौसम में पुनर्वासन क्षेत्र में गैंडों के लिए बने तालाब पानी से भरे रहेंगे। इससे गर्मी के दिनों में यहां जंगल सफारी के लिए आने वाले सैलानी तालाबों में जलक्रीड़ा करते गैंडों के दीदार कर सकेंगे। इसके अलावा यहां रहने वाले बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यजीवों के लिए पानी की कमी नहीं रहेगी। संवाद