मोहम्मदी (खीरी)। थाना पुलिस ने सोमवार सुबह गोमती पुल के पास से दो अंतरराज्यीय गैंग के शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 2 लाख 15 हजार रुपये, एक बाइक और एक देशी तमंचा मय कारतूस बरामद हुआ है। आरोपियों में मनोज कुमार उर्फ राहुल मूलरूप से करवल कॉलोनी कस्बा व थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती एवं हाल निवासी भटपुरवा कॉलोनी थाना गोला और किशोर निवासी रौहतरा थाना रौहतरा जिला कटिहार, बिहार एवं हाल निवासी भटपुरवा कॉलोनी थाना गोला का रहने वाला हैं।
आरोपी मनोज के विरुद्ध प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बहराइच, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, बनारस, मऊ, बरेली आदि में लगभग 31 मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसकी मां पर भी गैंगस्टर आदि के मुकदमे हैं।
आरोपी किशोर भी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध बिहार के कटिहार व बेतिया जिले में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। वह सजायाफ्ता भी है। सोमवार दोपहर मोहम्मदी थाने में एएसपी नैपाल सिंह ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाते हुए सीतापुर और लखीमपुर की छह घटनाओं का खुलासा किया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस टीम को 25000 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। वहीं, दोपहर बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
40 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब आरोपियों के चेहरे आए सामने
मोहम्मदी में दो छिनैती की घटनाएं होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और बैंकों के साथ आने-जाने वाले रास्तों के 40 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें कई स्थानों से आरोपियों के फुटेज प्राप्त हुए, टीम ने विभिन्न स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाई।
वृद्ध और कमजोर लोगों को बनाते से निशाना
आरोपी प्लानिंग से वारदात करते थे। बैंकों में पैसे निकालने पहुंचे वृद्ध और कमजोर व्यक्ति को चिह्नित करते थे। आरोपी अपने पास कोई न कोई एक थैला रखते थे, जिसमें पासबुक रहती थी, ताकि जरूरत पड़ने पर यह बता सकें कि हम भी पैसा निकालने आए हैं। जैसे ही व्यक्ति पैसे को मोटर साइकिल या स्कूटी की डिग्गी में रखते थे, वैसे ही आरोपी मौका मिलते ही डिग्गी तोड़कर पैसा निकाल लेते थे। अगर उस समय घटना नहीं कर पाए तो उस व्यक्ति से रास्ते में छिनैती कर लेते थे। आरोपी मनोज हमेशा मोटर साइकिल चलाता था। किशोर पीछे बैठा रहकर छीनने का काम करता था। आरोपी मनोज कभी भी अपने साथ मोबाइल नहीं रखता था।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
- थाना कोतवाली सीतापुर, जनपद सीतापुर (स्टेट बैंक आफ इंडिया सीतापुर से दो लाख रुपये चोरी किये)
- थाना कोतवाली सीतापुर जनपद सीतापुर (पक्का पुल पर मीट की दुकान के सामने से बीस हजार रुपये लूटे)
- थाना कोतवाली सीतापुर जनपद सीतापुर (एसडीएम आफिस के पास से बीस हजार रुपये लूटे थे)
- थाना मोहम्मदी जनपद खीरी (एचडीएफसी बैंक के बाहर ठेले के पास गोला मोहम्मदी रोड से तीन लाख रुपये से भरा थैला चोरी किये थे)
- थाना मोहम्मदी जनपद खीरी (कस्बा मोहम्मदी गुरुद्वारा गेट के पास से एक लाख साठ हजार रुपये हाथ से पैसों का थैला छीनकर ले जाना)
- थाना मितौली जनपद खीरी ( कस्बा कस्ता मितौली में प्रमोद मेडिकल स्टोर के सामने रास्ता से पचास हजार रुपये का बैग चोरी करके ले जाना)।