लखीमपुर खीरी। इंदिरा मनोरंजन वन के सौंदर्यीकरण की गुणवत्ता को लेकर करीब एक माह से चल रहा विवाद खत्म हो गया है। अब वन विभाग सोमवार को कार्यदायी संस्था सीएनडीएस से इसे अपनी सुपुर्दगी में लेगा। डीएफओ साउथ संजय विश्वाल ने बताया कि इस माह के अंत तक इंदिरा मनोरंजन को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
शहर से नौ किलोमीटर दूर स्थित इंदिरा मनोरंजन वन के सौंदर्यीकरण के लिए पिछले साल पर्यटन विभाग ने 2.98 करोड़ रुपये का बजट जारी किया था। पार्क के सौंदर्यीकरण का काम कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को सौंपा गया था। कार्यदायी संस्था ने मई 2022 में सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया था। सीएनडीएस ने मार्च माह के अंत तक सौंदर्यीकरण का काम पूरा लिया था लेकिन वन विभाग इस कार्य से संतुष्ट नहीं था। इसके चलते वन विभाग ने सौंदर्यीकरण का हैंडओवर लेने से मना कर दिया था।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी वेद प्रकाश सिंह और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता की एक कमेटी गठित कर उसे जांच सौंप दी। कमेटी ने मामले की जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
डीएफओ साउथ संजय विस्वाल ने भी एसडीओ लखीमपुर आरएन चौधरी और शारदानगर रेंजर अभय कुमार मल्ल की कमेटी गठित कर जांच कराई। इस कमेटी ने भी अपनी रिपोर्ट डीएफओ को सौंप दी है। दोनों कमेटियों ने ओके रिपोर्ट दी है। दोनों कमेटियों की रिपोर्ट आने के बाद वन विभाग इंदिरा मनोरंजन वन को अपने जिम्मे लेने को तैयार हो गया है। सोमवार को दक्षिण खीरी वन प्रभाग कार्यालय में औपचारिकता पूरी की जाएगी।