सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि जिले में बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में दो लोग संक्रमित मिले हैं। हालांकि इनमें से एक सीतापुर जिले का निवासी है और दूसरा बेहजम सीएचसी क्षेत्र का। सभी होम क्वारंटीन है और स्वास्थ्य टीम से निरंतर निगरानी कराई जा रही है।
धौरहरा के कस्तूरबा स्कूल में भी छात्राएं बीमार
मितौली में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 38 छात्राओं के संक्रमित मिलने के बाद अब धौरहरा की भी कुछ छात्राएं बीमार पाई गईं हैं। इन्हें अभिभावकों के साथ उनके घर पर भेजा गया है। वार्डन गरिमा सिंह ने बताया कि एहतियातन छात्रावास की बच्चियों के चेकअप के लिए धौरहरा सीएचसी को अवगत कराया गया है। छात्राओं में कोरोना के कोई खास लक्षण नहीं दिखे हैं।
पलिया के स्कूलों में सतर्कता
पलिया स्थित दो कस्तूरबा स्कूलों में सतर्कता बढ़ाई गई है। विद्यालय की वार्डेन रेनू यादव ने बताया कि सभी कोरोना गाइडलाइन का पालन हो रहा है। जो छात्राएं अवकाश पर जा रही हैं, उनका चेकअप कराकर भेजा जा रहा है। जबकि वापस आने पर कोरोना की रिपोर्ट लाने के लिए भी अभिभावकों से कहा जा रहा है।
मौजूदा समय में यहां 100 बालिकाएं हैं। उधर मरूआ पश्चिम स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी मितौली केस के बाद से सतर्कता बढ़ा दी गई है। वार्डेन ललित कुमारी ने बताया कि वर्तमान में 95 बालिकाएं यहां हैं। जो कोविड गाइडलाइन का पालन कर रही हैं।