मितौली पुलिस की गिरफ्त में कुंडल नोचने वाले बदमाश। पुलिस
मितौली। बाइक सवार दंपती के साथ लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक बदमाश अभी तक पुलिस पकड़ से दूर है।
गांव पिपरिया निवासी शोभित व पत्नी शालिनी के साथ मंगलवार की शाम बाइक से अपनी ससुराल हरैया से वापस आ रहे थे। कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर सरेली मोड़ के पास पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दंपती को रोका, धमकाया और दाएं कान से सोने के झाले और चार हजार की नकदी लेकर भाग गए। राहगीरों ने भाग रहे बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो वे पास के गन्ने के खेत में छिप गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कांबिंग शुरू की। पुलिस ने देर रात दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी मितौली शिवाजी दुबे ने बताया पकड़े गए अभियुक्त हरिओम अवस्थी और अंकित पांडे नगरा दरी गांव के रहने वाले हैं। अभी एक अभियुक्त फरार है, जल्द उसकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।