सदर कोतवाली और नीमगांव क्षेत्र में हुई दुर्घटनाएं
सिकंद्राबाद चौकी पुलिस से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जिले में दो थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र में लालपुर बैरियर के पास गुरुवार की देरशाम बाइक सवार युवक ठेलिया पर लदे टिनशेड से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। एलआरपी चौकी पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा हादसा नीमगांव थाना की सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुुर गांव के पास हुआ, जिसमें बोलेरो की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका पुत्र घायल हो गया। चौकी पुलिस के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने रोड जाम कर प्रदर्शन और नारेबाजी की।
सीतापुर जिले के तालगांव थाना क्षेत्र के गांव धोंधी निवासी 35 वर्षीय राजकमल चौरसिया अपने साले खननिया गांव निवासी वीरेंद्र चौरसिया के साथ गुरुवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए थाना नीमगांव के गांव उमरिया जा रहे थे। देरशाम करीब साढ़े आठ बजे लालपुर बैरियर के पास राजकमल की बाइक आगे टिनशेड लादकर जा रही ठेलिया से टकरा गई, जिसमें राजकमल घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे साले वीरेंद्र को मामूली चोटेें आई। सूचना पाकर एलआरपी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर ने राजकमल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद वीरेंद्र को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों के सुपुर्दगी में दिया है।
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव के कस्बा सिकंद्राबाद चौराहे के निकट लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर गुरुवार की रात एक शादी समारोह से लौट रहे पिता-पुत्र को अज्ञात बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी, जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इब्राहिमपुर निवासी 40 वर्षीय बाबुराम वर्मा अपने पुत्र शिवा वर्मा के साथ रात करीब 12 बजे नजीमाबाद से एक शादी समारोह से अपने घर वापस जा रहे थे। रास्ते में इब्राहिमपुर गांव के पास गैस एजेंसी के निकट अज्ञात बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे बाबूराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा शिवा घायल हो गया। बोलेरो चालक घटना के बाद गाड़ी समेत फरार हो गया। घटना के बाद लोगों ने सिकंद्राबाद चौकी पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए रोड जाम कर दी। काफी देर तक प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चौकी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। हंगामे की सूचना मिलने पर एसओ बृजेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज रामविलास यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ बृजेेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।