पीलीभीत-बस्ती मार्ग और धौरहरा में हुई दुघर्टना
घायल युवक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर जसवंत नगर के पास अज्ञात डीसीएम की टक्कर से सीतापुर जिले के थाना तंबौर के गांव कुडरी निवासी सब्जी विक्रेता 55 वर्षीय जमुना प्रसाद की मौत हो गई। वहीं धौरहरा क्षेत्र में कार की टक्कर से गांव धरमुनियापुर निवासी 20 वर्षीय मनोज की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा है।
थाना तंबौर के गांव कुडरी निवासी जमुना प्रसाद सब्जी का व्यापार करते थे। पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार वालों ने बताया कि जमुना प्रसाद सोमवार की तड़के साइकिल से सब्जी लेने लखीमपुर शहर आ रहे थे। पीलीभीत-बस्ती हाइवे पर गांव जसवंत नगर के पास डीसीएम चालक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
धौरहरा। गांव धरमुनियापुर निवासी गंगाराम का 20 वर्षीय बेटा मनोज अपने मित्र 25 वर्षीय गुड्डू के साथ लाखीपुर बाजार में हेयर कटिंग कराने आया था। दोनों सड़क के किनारे खड़े आपस में बात कर रहे थे। इसी बीच लखीमपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर से दोनों युवक उछल कर दूर गिरे। घटना के बाद चालक कार लेकर बहराइच की ओर भाग निकला। हादसे के बाद तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। लोग मनोज को जब तक उठाते उसकी मौत हो चुकी थी, जबकि गुड्डू की हालत गंभीर थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। मौके पर पहुंचे सीओ मनोज यादव नें चेकिंग कराकर कार की तलाश शुरू कर दी है।