लबालब हुए ताल तलैया और खेत खलिहान, शहरों में हुआ जलभराव
मौसम में आई तरावट, उमस भरी गर्मी से मिली निजात
पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जिले में जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त है। पिछले सप्ताह बारिश न होने से लोग कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। इधर लगातार वर्षा होने से मौसम में तरावट आ गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दो दिनों में हुई भारी बारिश से ताल तलैया ही नहीं खेत भी पानी से लबालब भर गए है। शहर में कई जगह जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार रात शारदानगर में 45 मिमी, पलिया में 58.2 मिमी और गिरिजा बैराज पर 71 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। जबकि लखीमपुर में 52 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। शनिवार शाम से शुरू हुई वर्षा रविवार को रुक रुक कर पूरे दिन होती रही। रविवार की पूरी रात और सोमवार को भी लगातार वर्षा होने से उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली। मौसम सुहावना हो गया। लोगों ने मौसम का आनंद लिया तो भारी बारिश से शहर में जलभराव और कीचड़ हो जाने से लोगों को दिक्कत भी उठानी पड़ी।
सोमवार सुबह से तेज वर्षा होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में और कामकाजी लोगों को अपने दफ्तर और प्रतिष्ठानों में पहुंचने में दिक्कत हुई। जो बच्चे किसी तरह स्कूल पहुंच पाए वह वापसी में तर बतर हो गए। कलक्ट्रेट परिसर, जिला पंचायत परिसर, सदर स्कूल, बस स्टेशन रोड, सौजन्या चौराहा, नई बस्ती, गंगोत्री नगर आदि जगहों पर जलभराव होने के कारण लोगों को अपने घरों से निकलने और काम पर जाने में दिक्कत हुईं।
सब्जी मंडी, फल मंडी, गढ़ी रोड आदि जगहों पर जलभराव के साथ कीचड़ के कारण लोगों को बाजार में सब्जियां खरीदने में परेशानी हुई। कच्ची जमीन में फिसलन होने से कई लोग फिसल कर गिरे इससे उन्हें चोटें भी आई हैं। लगातार बरसात होने से जिले भर में जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। अच्छी बारिश से किसानों में खुशी व्याप्त है।