मैलानी। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दो और महामंत्री पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। उधर चुनाव से पहले कंछल गुट को बड़ा झटका लगा है। गुट के तीन पदाधिकारी श्याम बिहारी मिश्र गुट में शामिल हो गए।
नगर व्यापार मंडल के 28 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन के दौरान अध्यक्ष पद के लिए राजेश शर्मा, सोमदत्त प्रजापति और महामंत्री पद के लिए प्रदीप शर्मा मुल्लन, राकेश अरोड़ा, राजू खान व सलीम खान ने नामांकन कराया। प्रत्याशी राजेश शर्मा जुलूस के साथ नामांकन कराने पहुंचे, वहीं अन्य ने सादगी से नामांकन कराया। चुनाव प्रभारी गोपाल सिंघल ने बताया कि जांच में सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। किसी ने भी कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई है।
-
अध्यक्ष पद के लिए सीधी टक्कर, महामंत्री पद के कई दावेदार
अध्यक्ष पद के लिए राजेश शर्मा, फहीम खान और सोमदत्त प्रजापति ने नामांकन पत्र खरीदे थे। हालांकि फहीम खान ने नामांकन नहीं कराया। सोशल मीडिया पर नगर उद्योग व्यापार मंडल गुट के ग्रुप पर फहीम के राजेश शर्मा के समर्थन में नामांकन नहीं कराने की बात वायरल हुई। महामंत्री पद के नामांकन-पत्र खरीदने वाले चारों लोगों ने नामांकन कराया। अगर बृहस्पतिवार को कोई नाम वापस नहीं लेता है, तो अध्यक्ष पद के लिए सीधी टक्कर और महामंत्री पद के लिए चतुष्कोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।
नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन आज
बुधवार को नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और आपत्तियों के निस्तारण के बाद आज बृहस्पतिवार को 12 से एक बजे तक नाम वापसी होगी। वहीं एक से दो बजे के बीच चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
तीन पदाधिकारियों ने बदला पाला
नगर उद्योग व्यापार मंडल (श्याम बिहारी मिश्र गुट) के चुनाव से ठीक पहले कंछल गुट को बड़ा झटका लगा है। नगर व्यापार मंडल कंछल गुट के महामंत्री प्रदीप शर्मा टिल्लू, उपाध्यक्ष अंकित गोयल और सोमदत्त प्रजापति ने बृहस्पतिवार को पाला बदल लिया। तीनों श्याम बिहारी मिश्र गुट में शामिल हो गए हैं। सोमदत्त प्रजापति ने तो श्याम बिहारी मिश्र गुट के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी भी ठोक दी है।
मैलानी में जुलूस के साथ नामांकन कराने जाते अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश शर्मा
मैलानी में जुलूस के साथ नामांकन कराने जाते अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश शर्मा