वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लाइव कार्यक्रम: स्रोत एलडीएम
लखीमपुर खीरी। बच्चों के लिए एनपीएस वात्सल्य योजना की शुरुआत की गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को नई दिल्ली से इस योजना को लाइव प्रसारण से लांच किया है। वित्त मंत्री का लाइव प्रसारण दोपहर करीब ढाई बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर में देखा और सुना गया।
आयोजक इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख कमलेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि एनपीएस वात्सल्य भारत की भावी पीढ़ियों को अधिक वित्तीय रूप से सुरक्षित और स्वतंत्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। अग्रणी जिला प्रबंधक अजय कुमार पांडे ने योजना की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई। कार्यक्रम में जादूगर सलमान ने एनपीएस वात्सल्य की जानकारी मनोरंजन और जादू के माध्यम से दी।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह, आर्यावर्त बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित रंजन, नाबार्ड डीडीएम प्रसून, इंडियन बैंक के मुख्य प्रबंधक विकास झा, प्रबंधक कृष्ण कांत कुमार आदि मौजूद रहे।
यह है योजना
एनपीएस वात्सल्य योजना विशेषकर बच्चों के लिए है। योजना के तहत 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का एनपीएस खाता खोता जाएगा। इस खाते में अभिभावक को न्यूनतम 1000 रुपये वार्षिक धनराशि 18 वर्ष तक जमा करनी होगी। ऐसे में बच्चे के बैंक खाते में मोटी रकम जमा हो जाएगी, जो आगे काम आएगी।