लखीमपुर खीरी। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया छाउछ स्थित खांडसारी प्लांट से चीनी चोरी करते दो आरोपियों को सुरक्षा गार्ड ने रंगेहाथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर ई-रिक्शा और चोरी की गई चीनी बरामद कर ली।
मोहल्ला वाजपेई नगर निवासी वेद प्रकाश अग्रवाल के प्लांट में शुक्रवार रात कुछ लोग गोदाम से 50-50 किलो के कट्टे चोरी कर रहे थे। गार्ड मौके पर पहुंचा और ई-रिक्शा पर लदे दो कट्टों के साथ राजगढ़ निवासी दीपक और शांति नगर निवासी शंकर को पकड़ लिया। इसके बाद गोदाम मालिक को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।