ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे नेपाल, साढ़े बाइस लाख का बनाया सीजर
गौरीफंटा। लॉकडाउन में गौरीफंटा कस्टम से पास होकर नेपाल हार्डवेयर का सामान ले जा रहे ट्रक से एसएसबी ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित वेटरनरी इंजेक्शन व सीरिंज बरामद की हैं। मामले में ट्रक समेत साढ़े 22 लाख रुपये का सीजर बनाकर कस्टम के सुपुर्द किया गया है।
39वीं वाहिनी एसएसबी कमानडेंट मुन्ना सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम गौरीफंटा कस्टम कार्यालय से एक ट्रक हार्डवेयर का सामान लेकर धनगढ़ी (नेपाल) जा रहा था। ट्रक को कस्टम कार्यालय के आगे बने एसएसबी चेक पोस्ट पर चेक किया गया तो ट्रक के केबिन में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित वेटरनरी इंजेक्शन और सिरिंज बरामद हुईं। एसएसबी द्वारा पूछताछ करने पर दवाइयों का कोई प्रपत्र नहीं मिला। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम विनोद कुमार शर्मा और सुरजीत सिंह निवासी पलिया बताया।
एसएसबी ने बरामद माल का साढ़े सात लाख और ट्रक का 15 लाख रुपये (कुल 22 लाख 50 हजार) का सीजर बनाकर गौरीफंटा कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।
नेपाल जाने वाले वाहनों की आड़ में हो रही तस्करी
गौरीफंटा। लॉकडाउन होने के बावजूद इन दिनों गौरीफंटा बार्डर से रोजाना दर्जनों ट्रक माल लेकर नेपाल जा रहे हैं, जिनकी कहीं चेकिंग नहीं होती। बार्डर पर कस्टम के आगे तैनात एसएसबी भी इन वाहनों की सही ढंग से चेकिंग न करते हुए गाड़ी के प्रपत्र देखकर ही जाने देती है। सूत्रों के मुताबिक, इन वाहनों के जरिए ही तस्कर बगैर बिल का माल, प्रतिबंधित खाद्य सामग्री व अन्य तस्करी का माल कस्टम एजेंटों से पास करा लेते हैं और उसे नेपाल भेज दिया जाता है। कई बार कस्टम से पास हुए वाहन में प्रतिबंधित सामान एसएसबी द्वारा पकड़ा गया है। संवाद