निघासन। निघासन-पलिया स्टेट हाईवे पर लुधौरी चौराहे के पास रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को निघासन सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज जारी है। मृतकों में एक की पहचान श्याम किशोर पुत्र होरीलाल निवासी पतवारा थाना पलिया के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायल मुमताज और शौकीन पुत्रगण मोहम्मद शरीफ, निवासी ग्राम निबौरिया बेलरायां बताए जा रहे हैं।
सूचना पर निघासन कोतवाल महेशचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। संवाद