हादसे के बाद मौके पर भीड़ को समझाती पुलिस।
- फोटो : संवाद
मितौली थाना क्षेत्र के कस्ता-सीतापुर मार्ग पर रेवाना गन्ना क्रय केंद्र के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। क्रय केंद्र पर ट्रालियां लगाने की होड़ के दौरान दो बाइकें आपस मे टकरा गई। वहीं, ट्रैक्टर ट्राली भी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। ट्राली का पूरा गन्ना सड़क पर ही बिखर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया है। हादसे में मासूम अभिनव मौर्य पुत्र सुधीर (5) निवासी मल्लपुर चौबे थाना महोली सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताते हैं कि, मृतक अभिनव अपनी मां की गोद में था। जब बाइकें आपस मे भिड़ीं तो बच्चा मां की गोद से उछल कर मासूम सड़क पर जा गिरा। मौके पर काफी पुलिस फोर्स तैनात है। घायलों को मितौली सीएचसी लाया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है। आवागमन बाधित होने की वजह से सडक पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई है। मौके पर पहुंची पुलिस यातायात व्यवस्था बहाल करने पर जुटी है।
मौके पर अभी अफरा-तफरी का माहौल है। आवागमन बहाल करने के लिए सड़क पर पडे़ गन्ने को हटाया जा रहा है। वहीं, सीओ मितौली राजेंद्र प्रसाद सोनकर ने सीएचसी पहुंच कर घायलों का हाल जाना है।