ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। गुस्साए युवकों ने एक कार के शीशे तोड़ डाले। पुलिस ने घायलों को गोला अस्पताल भेज दिया है।
सोमवार शाम पहली दुर्घटना अजान घरथनिया मार्ग पर ग्राम इमलिया के पास हुई। यहां गोला से मजदूरी करके साइकिल से घर लौट रहे ग्राम कोरैया एजेंट निवासी 18 वर्षीय युवक अशीघ्र वर्मा की साइकिल में अज्ञात वाहन से टक्कर लग गई। इससे वह खेत में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पीआरवी ने घायल युवक को 108 एंबुलेंस से गोला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।
इसी मार्ग पर दूसरी दुर्घटना तब हुई, जब ग्राम देवीपुर निवासी बाइक सवार गोकुल प्रसाद वर्मा की बाइक आगे चल रही पीआरवी पुलिस की गाड़ी के पीछे जा घुसी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे भी गोला अस्पताल भेज दिया है।
तीसरी घटना में ग्राम अजान निवासी अखिलेश वर्मा एक शादी समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे। साइड देने को लेकर एक बाइक सवार युवक विशाल निवासी मूड़ा जवाहर से नोकझोंक हो गई। इससे गुस्साए बाइक सवार युवक ने उनकी कार के शीशे तोड़ डाले। कार स्वामी ने तहरीर पुलिस को दे दी है।