पसगवांं। कस्बा जंगबहादुर गंज में 50 दिन पहले मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से दो लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद हुए हैं।
पुलिस ने शारदा नहर के जसमढ़ी पुल के पास से हरदोई जिले के थाना पिहानी के गांव राभा निवासी इसरत अली और थाना संडीला निवासी कमल अस्थाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कमल अस्थाना के पास से 12 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद की है।
कस्बे में 10 अप्रैल की रात एक खोखे में संचालित बाला जी मोबाइल शॉप का दरवाजा तोड़कर चोर करीब एक लाख रुपये का सामान उठा ले गए थे। दुकान मालिक कमलेश कुशवाहा निवासी गांव महमदपुर थाना उचौलिया ने एक लैपटॉप, 25 नए मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए पुराने दस मोबाइल और पांच सौ रुपये नगद उठा ले जाने की तहरीर दी थी। चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये थी। चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संवाद