पुलिस हिरासत में आरोपीगण। स्रोत पुलिस
सिकंदराबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के सिकंदराबाद में सराफा की तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 600 ग्राम चांदी के पुराने जेवर बरामद किए। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि 20 अगस्त को गोला रोड स्थित धुमरा निवासी सुरेश, गोला निवासी विकास सोनी और धुमराडीह निवासी शुभकरन सिंह की दुकानों के ताले तोड़कर चांदी के जेवर चोरी किए गए थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम, चौकी प्रभारी सिकंदराबाद राम गौरव, चौकी प्रभारी बेहजम संदीप यादव ने पुलिस फोर्स के साथ घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीरज पंडित उर्फ पप्पू पंडित और शालू निवासीगण सिकंदराबाद, थाना नीमगांव के रूप में हुई। उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि घटना में कुछ अन्य आरोपी भी प्रकाश में आए हैं। नीरज पंडित उर्फ पप्पू पंडित पर 11 और शालू पर नौ मुकदमे दर्ज हैं।